इंडोनेशिया के राष्ट्रपति की भारत की राजकीय यात्रा

State visit of President of Indonesia to India

प्रश्न-12-13 दिसंबर, 2016 के दौरान इंडोनेशिया के राष्ट्रपति भारत की राजकीय यात्रा पर रहे। वर्तमान में इंडोनेशिया के राष्ट्रपति हैं-
(a) सुशिलो बबांग युधोयोनो
(b) अब्दुर्रहमान वाहिद
(c) जोको विडोडो
(d) मो. नशीद
उत्तर-(c)
संबंधित तथ्य

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विडोडो 12-13 दिसंबर, 2016 के दौरान भारत की राजकीय यात्रा पर रहे।
  • अक्टूबर, 2014 में राष्ट्रपति बनने के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा है।
  • वर्ष 2011 में तत्कालीन राष्ट्रपति सुशिलो बबांग युधोयोनो की यात्रा के बाद पहली बार किसी इंडोनेशियाई राष्ट्रपति का भारत दौरा हुआ।
  • 12 दिसंबर, 2016 को राष्ट्रपति जोको विडोडो का राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने औपचारिक स्वागत किया।
  • बाद में उन्होंने राजघाट जाकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
  • 12 दिसंबर, 2016 को राष्ट्रपति जोको विडोडो और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मध्य नई दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस में प्रतिनिधिमंडल स्तर की उच्चस्तरीय द्विपक्षीय बैठक हुई।
  • दोनों नेताओं के मध्य हुई बातचीत में रक्षा, सुरक्षा, समुद्री सुरक्षा, निवेश, व्यापार और पर्यावरण प्रमुख रहा।
  • दोनों नेताओं में भारत-आसियान मुफ्त व्यापार वार्ता पर भी बातचीत हुई।
  • उल्लेखनीय है कि इंडोनेशिया आसियान क्षेत्र में भारत का दूसरा सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार बन गया है।
  • दोनों देशों के बीच वर्ष 2007-08 में द्विपक्षीय व्यापार 6.9 अरब डॉलर था, जो 2014-15 में बढ़कर 19.03 अरब डॉलर हो गया।
  • द्विपक्षीय वार्ता के बाद दोनों नेताओं ने अपने संयुक्त बयान में कहा कि दोनों देश रक्षा सहयोग, आतंकवाद और मानव तस्करी के खिलाफ हैं।
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जकार्ता से मुंबई के लिए सीधी उड़ान सेवा शुरू करने के लिए इंडोनेशिया की गरुड़ एयर लाइंस के फैसले का स्वागत किया। इसके बाद दोनों देशों के मध्य निम्न 3 समझौता ज्ञापनों (MoUs) पर हस्ताक्षर किये गये-
    (i) खेल एवं युवा मामलों के क्षेत्र में सहयोग हेतु समझौता ज्ञापन
    (ii) समुद्र में अवैध तरीके से मछली पकड़ने को रोकने हेतु समझौता ज्ञापन।
    (iii) मानकीकरण (Standardization) पर सहयोग हेतु समझौता ज्ञापन।
  • ज्ञातव्य है कि भारत और इंडोनेशिया के बीच दो सहस्त्राब्दियों से घनिष्ठ सांस्कृतिक एवं वाणिज्यिक संबंध रहे हैं।
  • इंडोनेशिया में लगभग 10,000 भारतीय नागरिक रह रहे हैं जो इंजीनियर, परामर्शदाता, चार्टर्ड अकाउंटेंट, बैंकर और अन्य प्रकार के पेशेवर हैं।

संबंधित लिंक भी देखें…
http://www.mea.gov.in/Portal/ForeignRelation/Indonesia_13_01_2016.pdf
http://pib.nic.in/newsite/PrintRelease.aspx?relid=155284
http://mea.gov.in/press-releases.htm?dtl/27808/State_visit_of_President_of_Indonesia_to_India
https://www.mea.gov.in/bilateral-documents.htm?dtl/27804/List+of+AgreementsMOUs+exchanged+during+the+State+visit+of+President+of+Indonesia