नोबेल पुरस्कार-2016

nobel prize 2016

प्रश्न-नोबेल पुरस्कार-2016 के संदर्भ में निम्न विकल्पों को सुमेलित कीजिए-

         

                  व्यक्ति  —————– क्षेत्र

1. जुआन मैनुएल सांतोस                                                      A. रसायन विज्ञान
2. जीन पियरे साउवेग, सर जे. फ्रासेर, स्टोडार्ट, बर्नार्ड एल.फेरिंग B. चिकित्सा विज्ञान
3. डेविड जे.थूलेस, एफ. डंकन एम. हाल्डेन और जे. माइकल कोस्टरलिट्ज C. शांति
4. योशिनोरी ओसुमी                                                                D. भौतिक विज्ञान
विकल्प         
1 2 3 4
A. C B A D
B. D A B C
C. C A D B
D. B D A C
उत्तर-(c)
संबंधित तथ्य

  • वर्ष 2016 के लिए विश्व के सर्वाधिक प्रतिष्ठित सम्मान ‘नोबेल पुरस्कार’ की घोषणा अक्टूबर, 2016 में की गयी।
  • नोबेल पुरस्कार विश्व प्रसिद्ध स्वीडिश वैज्ञानिक एवं डायनामाइट के आविष्कारक अल्फ्रेड नोबेल द्वारा स्थापित 10 लाख पाउंड के स्थायी कोष के ब्याज से पांच विभिन्न क्षेत्रों 1. चिकित्सा विज्ञान, 2. भौतिक विज्ञान 3. रसायन विज्ञान 4. साहित्य तथा 5. शांति में विशिष्ट एवं उल्लेखनीय योगदान हेतु प्रदान किए जाते हैं।
  • नोबेल पुरस्कार के साथ दिए जाने वाले अर्थशास्त्र के क्षेत्र के पुरस्कार की स्थापना वर्ष 1968 में स्वीडन के ‘स्वेरिजेस रिक्स बैंक’ ने अपनी 300वीं वर्षगांठ के अवसर पर अल्फ्रेड नोबेल की स्मृति में की थी।
  • इस पुरस्कार की राशि बैंक ऑफ स्वीडन द्वारा वित्त पोषित की जाती है।
  • अर्थशास्त्र के क्षेत्र में प्रथम नोबेल पुरस्कार वर्ष 1969 में प्रदान किया गया था।
  • नोबेल पुरस्कारों की स्थापना वर्ष 1895 में स्वीडिश रसायनशास्त्री अल्फ्रेड बर्नार्ड नोबेल के वसीयत के द्वारा की गयी थी।
  • शांति, साहित्य, रसायन, चिकित्सा एवं भौतिकी का प्रथम नोबेल पुरस्कार वर्ष 1901 में प्रदान किया गया था।
  • वर्ष 2016 के इन पुरस्कारों का वितरण अल्फ्रेड नोबेल की पुण्यतिथि 10 दिसंबर, 2016 को स्टॉकहोम (शांति का पुरस्कार नार्वे की राजधानी ओस्लो) में किया जाएगा।
  • पुरस्कारों का वितरण निम्नवत है-

          अर्थशास्त्र 

  • 10 अक्टूबर, 2016 को रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ साइंस द्वारा वर्ष 2016 के अर्थशास्त्र का नोबेल पुरस्कार हॉर्वर्ड विश्वविद्यालय, कैंब्रिज, अमेरिका के ओलिवर हार्ट और मैसाचुसेट्स प्रौद्योगिकी संस्थान, कैंब्रिज के बेंट होम्सट्रॉम को प्रदान किए जाने की घोषणा की गई।
  • इन्हें यह पुरस्कार अनुबंध सिद्धांत (Contract Theory) में किए गये योगदान स्वरूप प्रदान किया जाएगा।
  • आधुनिक अर्थव्यवस्था में एक साथ अनगिनत अनुबंध समाहित हैं। ओलिवर हार्ट और बेंट होम्सट्रॅाम द्वारा बनाया गया नया सिद्धांत वास्तविक जीवन के अनुबंधों एवं संस्थाओं के साथ-साथ अनुबंध संरचना के संभावित नुकसान समझने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

    शांति

  • वर्ष 2016 का शांति का नोबेल पुरस्कार कोलंबिया के राष्ट्रपति जुआन मैनुएल सांतोस को प्रदान किया जाएगा।
  • इन्हें यह पुरस्कार कोलंबिया के पचास वर्ष से अधिक पुराने गृहयुद्ध को समाप्त करने के लिए किये गये प्रयासों के लिये प्रदान किया गया है।
  • ध्यातव्य है कि 23 जून, 2016 को कोलंबिया सरकार और विद्रोही संगठन रिवोल्यूशनरी आर्म्ड फोर्सेज (FARC) के मध्य पचास वर्षों से चले आ रहे गृहयुद्ध को समाप्त करने के लिए संघर्ष विराम और निःशस्त्रीकरण समझौते पर हस्ताक्षर किया गया।
  • इस ऐतिहासिक पहल का नेतृत्व राष्ट्रपति जुआन मैनुएल सांतोस द्वारा किया गया।
  • यद्यपि शांति समझौते पर जनमत संग्रह में कोलंबिया की जनता ने फार्क के साथ हुए इस समझौते को नकार दिया है, लेकिन राष्ट्रपति ने शांति के प्रयासों को जारी रखने की अपनी दृढ़ वचनबद्धता व्यक्त की है।
    चिकित्सा विज्ञान
  • वर्ष 2016 का चिकित्सा शास्त्र का नोबेल पुरस्कार जापान के कोशिका विज्ञानी योशिनोरी ओसुमी को प्रदान किए जाने की घोषणा की गयी।
  • योशिनोरी को ऑटोफैगी के क्रियाविधि के क्षेत्र में अनुसंधान के लिये पुरस्कार प्रदान किया गया है।
  • ऑटोफैगी (Autophagy) कोशिकाओं में हो रहे क्षरण (Degradation) और उसके घटकों के पुनर्चक्रण की मौलिक प्रक्रिया है।
  • यह प्रक्रिया तंत्रिका से जुड़ी बीमारियों, मधुमेह एवं कैंसर को समझने एवं चिकित्सा में सहायक है।
    भौतिक विज्ञान
  • वर्ष 2016 का भौतिक विज्ञान का नोबेल पुरस्कार ब्रिटेन के वैज्ञानिक डेविड जे. थूलेस, एफ.डंकन एम. हाल्डेन और जे. माइकल कोस्टरलिट्ज को संयुक्त रूप से प्रदान किया गया है।
  • पुरस्कार की आधी धनराशि डेविड थूलेस को और शेष आधी धनराशि माइकल कोस्टरलिट्ज और डंकन हाल्डेन को संयुक्त रूप से प्रदान की जाएगी।
  • इन वैज्ञानिकों को पदार्थ की टोपोलॉजी चरणों एवं टोपोलॉजी चरण में बदलाओं के बारे में अध्ययन के लिये पुरस्कृत किया जा रहा है।
  • वर्ष 1970 से 1980 तक इन तीनों वैज्ञानिकों ने इस अवस्था पर शोध कार्य किया।
  • इन्होंने अपने अनुसंधान में अतिचालकता, अति तरल पदार्थ या चुंबकीय झिल्ली के अध्ययन में उन्नत गणितीय पद्धति का प्रयोग किया।
  • जिसका प्रयोग भविष्य में पदार्थ विज्ञान (Material Science) और इलेक्ट्रॉनिक्स में किया जाएगा।
    रसायन विज्ञान
  • वर्ष 2016 का रसायन विज्ञान का नोबेल पुरस्कार फ्रांस के जीन पियरे साउवेग, ब्रिटेन के सर जे. फ्रासेर स्टोडार्ट, नीदरलैंड के बर्नार्ड एल. फेरिंग को संयुक्त रूप से प्रदान किया जाएगा।
  • इन्हें यह पुरस्कार बाल की मोटाई से हजार गुना पतले विश्व की सबसे छोटी मशीन का डिजाइन बनाने और उसका निर्माण करने के लिए दिया जाएगा। इस मशीन को आणविक मशीन कहा जाता है।
  • इन तीनों वैज्ञानिकों ने नियंत्रित चाल वाले ऐसे अणुओं का विकास किया जो कि ऊर्जा मिलते ही किसी कार्य का निष्पादन कर सकते हैं।

संबंधित लिंक भी देखें…
http://www.nobelprize.org/nobel_prizes/peace/laureates/2016/press.html
http://www.nobelprize.org/nobel_prizes/medicine/laureates/2016/press.html
http://www.nobelprize.org/nobel_prizes/chemistry/laureates/2016/
http://www.nobelprize.org/nobel_prizes/physics/laureates/2016/press.html
http://www.nobelprize.org/

One thought on “नोबेल पुरस्कार-2016”

Comments are closed.