WHO वैश्विक तपेदिक रिपोर्ट 2025

प्रश्न – निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिए –
1.नवंबर 2025 में विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO)द्वारा वैश्विक क्षय रोग रिपोर्ट – 2025 प्रस्तुत किया गया।
2.विश्व स्वास्थ्य संगठन की वैश्विक टीबी रिपोर्ट 2025 के अनुसार भारत में टीबी के मामलों (प्रत्येक वर्ष सामने आने वाले नए मामले) में 21% की कमी आई है।
उपर्युक्त कथनों में से कौन सा/से कथन सही है/हैं ?
(a) 1 और 2 दोनों (b) केवल 1
(c) केवल 2 (d) इनमें से कोई नहीं
उत्तर – (a)


व्याख्यात्मक उत्तर

  • नवंबर, 2025 में विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) द्वारा वैश्विक क्षय रोग रिपोर्ट – 2025 (Global Tuberculosis Report 2025) जारी की गई।
  • वर्ष 2025 संस्करण मुख्य रूप से उन आंकड़ों पर आधारित है जो WHO द्वारा प्रत्येक वर्ष आयोजित डेटा संग्रह राउंड में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मंत्रालयों से जुटाए जाते हैं।
  • वर्ष 2025 में, कुल 215 में से 184 देशों और क्षेत्रों (जो विश्व की 99% से अधिक आबादी और टीबी मामलों को कवर करते हैं) ने इस रिपोर्ट के लिए डेटा प्रदान किया।
  • टीबी प्रकरणता दर में वर्ष 2023 से वर्ष 2024 के बीच वैश्विक स्तर पर 1.7% की गिरावट दर्ज की गयी है,वर्ष 2024 में यह दर फिर से 2020 के स्तर 131 प्रति 1 लाख पर पहुँच गई।
  • वर्ष 2024 में, टीबी विकसित करने वालों में 54% पुरुष, 35% महिलाएँ, और 11% बच्चे थे।
  • वर्ष 2024 में टीबी से होने वाली वैश्विक मौतों में गिरावट दर्ज की गयी है, जहां वर्ष 2023 में यह आँकड़ा 12.7 लाख था, वही वर्ष 2024 में यह आँकड़ा 12.3 लाख है, जो की 3% कम है।
  • टीबी की रोकथाम, निदान और उपचार हेतु वित्तपोषण वर्ष 2024 में 5.9 अरब अमेरिकी डॉलर था, और टीबी अनुसंधान हेतु वित्तपोषण वर्ष 2023 में 1.2 अरब अमेरिकी डॉलर था। ये आंकड़े क्रमशः 27% और 24% हैं, जबकि वैश्विक लक्ष्य वर्ष 2027 तक प्रति वर्ष 22 अरब अमेरिकी डॉलर(सेवा) और 5 अरब अमेरिकी डॉलर(अनुसंधान) का रखा गया था।
  • वैश्विक स्तर पर, 2024 में 8.3 मिलियन लोग नए टीबी (क्षय रोग) के मामले के रूप में रिपोर्ट किए गए है जो कि वर्ष 2023 में 8.2 मिलियन से थोड़ा अधिक हैं।
  • वर्ष 2024 में कुल 1,64,545 लोगों का रिफाम्पिसिन-प्रतिरोधी टीबी (RR-TB) के लिए उपचार किया गया। यह उन लगभग 3,90,000 लोगों का 42% था, जिन्होंने 2024 में RR-TB विकसित किया।
  • वैश्विक स्तर पर,वर्ष 2024 में टीबी रोग विकसित करने के उच्च जोखिम वाले 5.3 मिलियन लोगों को टीबी निवारक उपचार (TPT) प्रदान किया गया। इसमें 3.5 मिलियन लोग शामिल थे, जो टीबी से निदान किए गए लोगों के करीबी संपर्क में थे और 1.8 मिलियन लोग जो एचआईवी (HIV) के साथ जी रहे थे।
  • टीबी निवारक उपचार (TPT) कवरेज एचआईवी के साथ जी रहे लोगों में 58% था (जो 2023 में 56% रहा) और घरेलू संपर्कों में 25% (जो 2023 में 20% रहा) था।
  • सितंबर 2024 में, विश्व स्वास्थ्य संगठन ने टीबी प्रभाव मापन पर अपनी ग्लोबल टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य WHO द्वारा टीबी की प्रकरणता (incidence) और मृत्यु-दर (mortality) के अनुमान तैयार करने हेतु उपयोग की जाने वाली विधियों की व्यापक समीक्षा करना था।
  • विश्व स्वास्थ्य संगठन की वैश्विक टीबी रिपोर्ट 2025 के अनुसार भारत में टीबी के मामलों (प्रत्येक वर्ष सामने आने वाले नए मामले) में 21% की कमी दर्ज कि गयी है।
  • वर्ष 2015 में प्रति लाख आबादी पर 237 से घटकर 2024 में प्रति लाख आबादी पर 187 हो गई है, जो वैश्विक स्तर पर देखी गई गिरावट की गति (12%) से लगभग दोगुनी है।
  • यह वैश्विक स्तर पर टीबी के मामलों में सबसे अधिक गिरावटों में से एक है, जो अन्य उच्च-भार वाले देशों में दर्ज की गई कमी से भी अधिक है।
  • टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत उपचार की सफलता दर बढ़कर 90% हो गई है, जो वैश्विक उपचार सफलता दर 88% से अधिक है।
  • देश भर में 19 करोड़ से अधिक संवेदनशील व्यक्तियों की टीबी के लिए जांच की गई। इससे 24.5 लाख से अधिक टीबी रोगियों का पता चला, जिनमें 8.61 लाख लक्षणहीन टीबी मामले शामिल हैं।
  • WHO वर्ष 1997 से प्रत्येक वर्ष वैश्विक टीबी रिपोर्ट प्रकाशित करती है।
  • टीबी Mycobacterium tuberculosis नामक जीवाणु द्वारा होती है, जो तब फैलता है जब टीबी से बीमार लोग बैक्टीरिया को हवा में छोड़ते हैं।
  • जून 2006 में, टीबी प्रभाव मापन (TB Impact Measurement) के लिए WHO टास्क फोर्स की स्थापना की गई थी।
  • टीबी विश्व में मृत्यु के शीर्ष 10 कारणों में शामिल है,और एकल संक्रामक एजेंट से होने वाली मृत्यु का सबसे बड़ा कारण है।
  • वर्तमान में 18 टीबी वैक्सीन नैदानिक विकास में हैं, जिनमें 6 फेज-3 में हैं।
  • रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2000 से वर्ष 2024 तक, टीबी से प्रभावित लोगों का उपचार अनुमानित रूप से 83 मिलियन मौतों को टालने में सफल रहा है।

लेखक- नवनीत सिंह

संबंधित लिंक भी देखें…

https://www.who.int/teams/global-programme-on-tuberculosis-and-lung-health/tb-reports/global-tuberculosis-report-2025