सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय का नया लोगो और शुभंकर

प्रश्न – सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (MoSPI) द्वारा 1 जनवरी, 2026 को अनावरण किए गए नए आधिकारिक लोगो एवं शुभंकर के संदर्भ में निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिए –

  1. नए लोगो में सम्मिलित अशोक चक्र सत्य, पारदर्शिता और सुशासन के मूल्यों का प्रतिनिधित्व करता है।
  2. लोगो के केंद्र में स्थित रुपये का चिह्न यह संकेत करता है कि राष्ट्रीय विकास में सांख्यिकी की भूमिका केवल वित्तीय आंकड़ों तक सीमित है।
  3. लोगो में दर्शाई गई ऊर्ध्वगामी विकास पट्टी (Upward Growth Bar) विश्वसनीय और गुणवत्तापूर्ण डेटा के माध्यम से सतत आर्थिक प्रगति को दर्शाती है।
  4. मंत्रालय द्वारा प्रस्तुत नया शुभंकर “सांख्यिकी” का उपयोग राष्ट्रीय नमूना सर्वेक्षण संगठन (NSO) के सर्वेक्षणों और जन-जागरूकता अभियानों में किया जाएगा।
    उपरोक्त में से कौन-सा/से कथन सही नहीं है/हैं?
    (a) केवल कथन 2 (b) कथन 2 और 3
    (c) केवल कथन 3 (d) कथन 1 और 4
    उत्तर – (a)
    व्याख्यात्मक उत्तर
  • 1 जनवरी, 2026 को सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (MoSPI) ने अपने नए आधिकारिक लोगो और शुभंकर का औपचारिक रूप से अनावरण किया।
  • मंत्रालय का नया लोगो देश के समग्र विकास में डेटा की निर्णायक भूमिका को दर्शाता है।
  • यह लोगो भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक सांख्यिकीय विज्ञान से प्रेरित होकर तैयार किया गया है तथा मंत्रालय के आदर्श वाक्य “विकास के लिए डेटा” को सशक्त रूप में अभिव्यक्त करता है।
  • लोगों में अशोक चक्र शामिल है, जो सत्य, पारदर्शिता और सुशासन का प्रतीक है।
  • लोगों केंद्र में स्थित रुपये का चिह्न यह दर्शाता है कि आर्थिक नियोजन, नीति निर्धारण और राष्ट्रीय विकास में सांख्यिकी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
  • लोगो में प्रयुक्त संख्याएँ और सांकेतिक चिन्ह आधुनिक डेटा प्रणालियों तथा सांख्यिकीय विज्ञान का प्रतिनिधित्व करते हैं।
  • इसके अतिरिक्त, लोगो में प्रदर्शित ऊर्ध्वगामी विकास पट्टी (Upward Growth Bar) यह संकेत देती है कि विश्वसनीय और गुणवत्तापूर्ण डेटा किस प्रकार सतत आर्थिक प्रगति को समर्थन प्रदान करता है।
  • लोगो के रंग-केसरिया, सफेद, हरा और गहरा नीला क्रमशः विकास, सत्य, स्थिरता, ज्ञान एवं स्थायित्व के राष्ट्रीय मूल्यों को दर्शाते हैं।
  • मंत्रालय ने अपने जनसंपर्क प्रयासों को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से नया शुभंकर “सांख्यिकी” भी प्रस्तुत किया है।
  • यह एक मैत्रीपूर्ण, नागरिक-केंद्रित और विश्वसनीय चरित्र है, जिसे इस प्रकार डिजाइन किया गया है कि वह सांख्यिकी को सरल, सुलभ और रोचक बना सके।
  • “सांख्यिकी” मंत्रालय के मूल्यों सटीकता, पारदर्शिता और डेटा-आधारित शासन का प्रतीक है।
  • यह शुभंकर जटिल सांख्यिकीय अवधारणाओं को सरल और दृश्यात्मक रूप में प्रस्तुत करने में सहायक होगा।
  • इसे राष्ट्रीय नमूना सर्वेक्षण संगठन (एनएसओ) के सर्वेक्षणों, जन-जागरूकता अभियानों, शैक्षणिक सामग्री, डिजिटल प्लेटफॉर्म तथा विभिन्न सार्वजनिक कार्यक्रमों में प्रयोग किया जाएगा।
  • इस शुभंकर का उद्देश्य एनएसओ सर्वेक्षणों में जनभागीदारी को प्रोत्साहित करना और आधिकारिक आँकड़ों के प्रति जनता के विश्वास को मजबूत करना है, ताकि एक सुसंगत और पहचान योग्य दृश्य माध्यम के माध्यम से सांख्यिकी को आम नागरिक से जोड़ा जा सके।

लेखक- विजय प्रताप सिंह

संबंधित लिंक भी देखें…

https://www.pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=2210348&reg=3&lang=1