प्रश्न – ‘समुद्र मंथन–राष्ट्रीय अपतटीय अन्वेषण योजना’ के संबंध में निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिए—
1. यह पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की केंद्रीय क्षेत्र योजना है।
2. इसके लिए वित्त वर्ष 2030-31 तक 84,084 करोड़ रुपये का परिव्यय स्वीकृत किया गया है।
3. इसका क्रियान्वयन केंद्र और राज्यों द्वारा 60:40 के अनुपात में किया जाएगा।
उपर्युक्त कथनों में से कौन-सा/से सही है/हैं?
(a) केवल 1 (b) केवल 1 और 2
(c) केवल 2 और 3 (d) 1, 2 और 3
उत्तर – (b)
व्याख्यात्मक उत्तर
- 31 जुलाई, 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने ‘समुद्र मंथन–राष्ट्रीय अपतटीय अन्वेषण योजना’ को मंजूरी दी।
- यह पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की एक केंद्रीय क्षेत्र योजना है।
- इसके कार्यान्वयन के लिए वित्त वर्ष 2030-31 तक 84,084 करोड़ रुपये का परिव्यय निर्धारित किया गया है।
- इस योजना की परिकल्पना प्रधानमंत्री द्वारा वर्ष 2025 के स्वतंत्रता दिवस संबोधन में प्रस्तुत आधुनिक ‘समुद्र मंथन’ के विजन के अनुरूप की गई है।
- इसका प्रमुख उद्देश्य भारत की विशाल अपतटीय ऊर्जा क्षमता का उपयोग करते हुए ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करना, घरेलू तेल एवं गैस उत्पादन बढ़ाना तथा आयात पर निर्भरता कम करना है।
- इस योजना के अंतर्गत अपतटीय अन्वेषण की संपूर्ण मूल्य श्रृंखला को विकसित किया जाएगा।
- इसमें बड़े पैमाने पर उच्च गुणवत्ता वाले भूकंपीय डेटा का संग्रह, विश्लेषण एवं व्याख्या; गहरे और अति-गहरे समुद्री क्षेत्रों में तीव्र अन्वेषण ड्रिलिंग; नए एवं कम खोजे गए बेसिनों में वैज्ञानिक ड्रिलिंग; तथा उत्पादन और निकासी के लिए साझा बुनियादी ढांचे का निर्माण शामिल है।
- इसके अतिरिक्त, एकीकृत तेल एवं गैस विनिर्माण और सेवा परिक्षेत्र की स्थापना, डिजिटल कार्यक्रम प्रबंधन, तकनीकी क्षमता विकास, आधुनिक प्रौद्योगिकी को अपनाने, अंतरराष्ट्रीय सहयोग तथा हितधारकों की भागीदारी को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
- इस योजना से 600 मिलियन मीट्रिक टन ऑयल इक्विवेलेंट से अधिक संभावित भंडार की खोज और विकास में तेजी आने की उम्मीद है।
- इससे घरेलू तेल एवं गैस उत्पादन बढ़ेगा, बड़े पैमाने पर रोजगार सृजित होंगे और निजी एवं सार्वजनिक निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा।
लेखक- विजय प्रताप सिंह
संबंधित लिंक भी देखें…
https://www.pib.gov.in/PressNoteDetails.aspx?NoteId=159415&ModuleId=3®=48&lang=2