लखनऊ में ब्रह्मोस एकीकरण और परीक्षण सुविधा का उद्घाटन

प्रश्न – 11 मई, 2025 को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उत्तर प्रदेश के लखनऊ में ब्रह्मोस एकीकरण और परीक्षण सुविधा केंद्र का वर्चुअल उद्घाटन किया। इस संबंध में निम्नलिखित विकल्पों में से कौन-सा तथ्य सही नहीं है?
(a) यह केंद्र उत्तर प्रदेश रक्षा औद्योगिक गलियारे (UPDIC) के तहत सरोजिनी नगर के भटगांव क्षेत्र में स्थापित किया गया है।
(b) इस परियोजना की लागत 300 करोड़ रुपये है।
(c) यह सुविधा प्रतिवर्ष 80 से 100 ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइलों का उत्पादन करेगी।
(d) इस परियोजना से लगभग 1000 प्रत्यक्ष और 500 अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
उत्तर – (d)


व्याख्यात्मक उत्तर

  • 11 मई, 2025 को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उत्तर प्रदेश के लखनऊ में ब्रह्मोस एकीकरण और परीक्षण सुविधा केंद्र का वर्चुअल उद्घाटन किया
  • यह अत्याधुनिक केंद्र उत्तर प्रदेश रक्षा औद्योगिक गलियारे (UPDIC) के तहत सरोजिनी नगर के भटगांव क्षेत्र में स्थापित किया गया है।
  • इस परियोजना की लागत 300 करोड़ रुपये है।
  • यह 80 हेक्टेयर (लगभग 200 एकड़) भूमि पर विस्तारित है, जिसे उत्तर प्रदेश सरकार ने निःशुल्क प्रदान किया है।
  • यह सुविधा प्रतिवर्ष 80 से 100 ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइलों का उत्पादन करेगी।
  • भविष्य में, यहां 100 से 150 अगली पीढ़ी की ब्रह्मोस-एनजी मिसाइलों का निर्माण भी किया जाएगा।
  • ब्रह्मोस मिसाइल की गति मैक 2.8 (ध्वनि की गति से लगभग तीन गुना) है और इसकी मारक क्षमता 290 से 400 किलोमीटर तक है।
  • यह मिसाइल भूमि, समुद्र और वायु से प्रक्षेपण योग्य है।
  • इस परियोजना से लगभग 500 प्रत्यक्ष और 1,000 अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे, जिससे स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षण और रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
  • यह सुविधा भारत-रूस संयुक्त उपक्रम ब्रह्मोस एयरोस्पेस द्वारा स्थापित की गई है, जिसमें भारत की रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) और, रूस की NPO Mashinostroyeniya की साझेदारी है।
  • इस परियोजना का उद्देश्य भारत की रक्षा क्षमताओं को सुदृढ़ करना और विदेशी हथियारों पर निर्भरता को कम करना है।

लेखक- विजय प्रताप सिंह

संबंधित लिंक भी देखें…

https://www.brahmos.com/pressRelease.php?id=115

https://www.newsonair.gov.in/defence-minister-rajnath-singh-inaugurates-brahmos-aerospace-testing-facility-at-lucknow-up

https://timesofindia.indiatimes.com/india/brahmos-is-in-itself-a-message-rajnath-singh-on-new-missile-production-unit-in-up/articleshow/121078275.cms