मोंबासा घोषणापत्र

प्रश्न – निम्नलिखित में से कौन-से देश मोंबासा घोषणा-पत्र का समर्थन करने वाले देशों में शामिल हैं?

  1. बेल्जियम
  2. घाना
  3. पेरू
  4. दक्षिण कोरिया
    सही उत्तर चुनिए:
    (a) केवल 1 और 2
    (b) केवल 2 और 3
    (c) केवल 1, 3 और 4
    (d) 1, 2, 3 और 4
    उत्तर – (d)
    व्याख्यात्मक उत्तर
  • 17 जून, 2026 को अफ्रीका, एशिया, कैरेबियन, यूरोप और प्रशांत क्षेत्र के 16 देशों ने 11वें आवर ओशन कॉन्फ्रेंस में मोंबासा घोषणा-पत्र को अपनाया है।
  • इस घोषणा-पत्र का उद्देश्य वैश्विक स्तर पर मत्स्य क्षेत्र में पारदर्शिता बढ़ाना और अवैध, अनियंत्रित तथा अनियमित मछली पकड़ने (IUU Fishing) के खिलाफ कार्रवाई को मजबूत करना है।
  • मोंबासा घोषणा-पत्र तटीय और ध्वज-राज्यों के लिए मत्स्य पारदर्शिता पर एक महत्वपूर्ण आह्वान है।
  • इसमें विशेष रूप से मछली पकड़ने वाले जहाजों से जुड़ी सूचनाओं के बेहतर संग्रह, प्रसार और मत्स्य डेटा तक सुगम पहुंच पर जोर दिया गया है।
  • यह घोषणा-पत्र ग्लोबल चार्टर फॉर फिशरीज ट्रांसपेरेंसी को समर्थन देता है, जिसमें 10 कम लागत या शून्‍य लागत वाले नीतिगत सिद्धांत शामिल हैं जिन्हें सरकारें कानून और व्यवहार दोनों स्तरों पर अपना सकती हैं।
  • इस घोषणा-पत्र का समर्थन करने वाले देशों में बेल्जियम, कैमरून, चिली, डोमिनिकन रिपब्लिक, फ्रांस, गैबॉन, गाम्बिया, घाना, गिनी, लाइबेरिया, पनामा, पापुआ न्यू गिनी, पेरू, रिपब्लिक ऑफ कॉन्गो, सोमालिया और दक्षिण कोरिया शामिल हैं।
  • फ्रांस ने अपने विदेशी क्षेत्रों की ओर से इस घोषणा का समर्थन किया है।
  • इस घोषणा-पत्र को अपनाने के बाद ये देश अब इसे लागू करने की दिशा में कदम उठाएंगे।
  • इसके साथ ही वर्ष 2027 में होने वाले अगले आवर ओशन कॉन्फ्रेंस से पहले अन्य देशों को भी इस पहल से जोड़ने के लिए अभियान शुरू किया जाएगा।
  • मोंबासा घोषणा-पत्र को मत्स्य पालन पारदर्शिता गठबंधन (Coalition for Fisheries Transparency) और उसके साझेदारों के समर्थन से विकसित किया गया है।
  • इस गठबंधन में शिक्षाविद, विशेषज्ञ और नागरिक समाज संगठन शामिल हैं, जो मत्स्य शासन और प्रबंधन में पारदर्शिता तथा जवाबदेही बढ़ाने के लिए कार्य कर रहे हैं।
  • इस घोषणा-पत्र के तहत हस्ताक्षर करने वाले देश कई ठोस सुधारों के लिए प्रतिबद्ध होंगे।
  • इनमें जहाज रजिस्ट्रियों का आधुनिकीकरण, मछली पकड़ने की अनुमतियों का प्रकाशन और कानून प्रवर्तन तथा जवाबदेही को मजबूत करने के लिए सूचना-साझाकरण को बढ़ावा देना शामिल है।
  • मत्स्य पालन पारदर्शिता गठबंधन (Coalition for Fisheries Transparency) 50 से अधिक वैश्विक नागरिक समाज संगठनों का नेटवर्क है।
  • इसका उद्देश्य मत्स्य शासन और प्रबंधन में पारदर्शिता तथा जवाबदेही को बढ़ावा देना है।
  • यह गठबंधन ग्लोबल चार्टर फॉर फिशरीज ट्रांसपेरेंसी को आगे बढ़ाने के लिए काम करता है, ताकि जहाजों और मछली पकड़ने की गतिविधियों से जुड़ी जानकारी व्यापक रूप से उपलब्ध हो सके, अवैध प्रथाओं को समाप्त किया जा सके और समुद्र में मानवाधिकारों की रक्षा की जा सके।

लेखक- विजय प्रताप सिंह

संबंधित लिंक भी देखें…

https://oceana.org/press-releases/sixteen-countries-adopt-mombasa-declaration/