भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुक्त व्यापार समझौते के लिए वार्ता

प्रश्न – दिसंबर, 2025 में घोषित भारत–न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौते (FTA) के संबंध में निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिए:-

  1. न्यूजीलैंड भारत के सभी उत्पादों पर आयात शुल्क समाप्त करेगा।
  2. इस समझौते में भारत के डेयरी उत्पादों को शामिल किया गया है।
  3. आयुर्वेद और योग से संबंधित सेवाओं के लिए एक विशेष Annex शामिल किया गया है।
  4. भारतीय पेशेवरों के लिए विशेष वर्क वीजा कोटा निर्धारित किया गया है।
    उपरोक्त में से कौन-से कथन सही हैं?
    (a) 1, 2 और 3 (b) 1, 3 और 4
    (c) 2 और 4 (d) 1, 2, 3 और 4
    उत्तर – (b)
    व्याख्यात्मक उत्तर
  • 22 दिसंबर, 2025 को भारत और न्यूजीलैंड के बीच एक ऐतिहासिक और महत्वाकांक्षी मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) की वार्ता सफलतापूर्वक संपन्न हुई
  • इस समझौते की औपचारिक घोषणा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और न्यूज़ीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के बीच हुई टेलीफोन वार्ता के दौरान की गई।
  • विशेष बात यह रही कि यह समझौता मात्र 9 महीनों के रिकॉर्ड समय में संपन्न हुआ, जिससे यह किसी विकसित देश के साथ भारत का अब तक का सबसे तेज़ी से पूरा होने वाला एफटीए बन गया है।
  • इस समझौते पर हस्ताक्षर वर्ष 2026 की पहली छमाही में होने की संभावना है, जिसके बाद इसे दोनों देशों में लागू किया जाएगा।
  • एफटीए के तहत न्यूज़ीलैंड भारत के 100 प्रतिशत उत्पादों, यानी लगभग 8,284 वस्तुओं पर आयात शुल्क पूरी तरह समाप्त कर देगा।
  • इससे भारत के कपड़ा, चमड़ा, रत्न-आभूषण और ऑटोमोबाइल जैसे प्रमुख निर्यात क्षेत्रों को उल्लेखनीय लाभ मिलने की उम्मीद है।
  • निवेश के मोर्चे पर भी यह समझौता अत्यंत महत्वपूर्ण है।
  • न्यूज़ीलैंड ने अगले 15 वर्षों में भारत में लगभग 20 अरब अमेरिकी डॉलर (करीब 1.6 लाख करोड़ रुपये) के निवेश की प्रतिबद्धता व्यक्त की है, जिससे भारत में बुनियादी ढांचे, विनिर्माण और सेवा क्षेत्रों को प्रोत्साहन मिलेगा।
  • मानव संसाधन और लोगों के आवागमन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से, भारतीय पेशेवरों के लिए 5,000 विशेष वर्क वीजा का कोटा (अधिकतम 3 वर्ष) निर्धारित किया गया है।
  • इसके अतिरिक्त, हर वर्ष 1,000 भारतीय युवाओं को ‘वर्किंग हॉलिडे वीजा’ के माध्यम से न्यूज़ीलैंड में काम करने और अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
  • भारत ने इस समझौते में अपने किसानों और घरेलू हितों को प्राथमिकता देते हुए डेयरी उत्पादों जैसे दूध, घी और पनीर को एफटीए के दायरे से बाहर रखा है, ताकि घरेलू डेयरी उद्योग पर किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
  • इस एफटीए की एक अनोखी विशेषता यह है कि पहली बार किसी देश ने आयुर्वेद, योग और भारतीय पारंपरिक चिकित्सा सेवाओं के लिए एक एक विशेष समझौता (Annex) में शामिल किया है।
  • दोनों देशों ने अगले पाँच वर्षों में द्विपक्षीय व्यापार को वर्ष 2024–25 के लगभग 2.4 अरब डॉलर से बढ़ाकर 5 अरब डॉलर तक पहुँचाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया है।

लेखक- विजय प्रताप सिंह

संबंधित लिंक भी देखें…

https://timesofindia.indiatimes.com/business/india-business/india-new-zealand-fta-nz-to-invest-20-billion-in-india-aim-to-double-bilateral-trade-in-five-years/articleshow/126115651.cms