प्रश्न – 18 जनवरी, 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पश्चिम बंगाल से संबंधित विकास परियोजनाओं के संदर्भ में निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिए। इनमें से कौन-सा कथन सही नहीं है?
(a) बालागढ़ परियोजना लगभग 900 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही है तथा इसकी अनुमानित क्षमता लगभग 27 लाख टन प्रति वर्ष (MTPA) है।
(b) बालागढ़ अंतर्देशीय जल परिवहन टर्मिनल में तीन समर्पित कार्गो हैंडलिंग जेटी प्रस्तावित हैं — कंटेनरीकृत, तरल और शुष्क थोक कार्गो के लिए।
(c) कोलकाता में शुभारंभ किया गया इलेक्ट्रिक कैटामरान कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड द्वारा निर्मित है तथा यह लिथियम-टाइटेनेट बैटरी तकनीक से सुसज्जित है।
(d) जयरामबती-बरोगोपीनाथपुर-मयनापुर नई रेल लाइन, तारकेश्वर-बिष्णुपुर नई रेल लाइन परियोजना का एक महत्वपूर्ण भाग है।
उत्तर – (b)
व्याख्यात्मक उत्तर
- 18 जनवरी, 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के सिंगूर में 830 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास तथा हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया।
- प्रधानमंत्री ने बालागढ़ में एक्सटेंडेड पोर्ट गेट सिस्टम का शिलान्यास किया, जिसमें अंतर्देशीय जल परिवहन (आईडब्ल्यूटी) टर्मिनल तथा रोड ओवरब्रिज शामिल हैं।
- लगभग 900 एकड़ क्षेत्र में फैला बालागढ़ एक आधुनिक कार्गो हैंडलिंग टर्मिनल के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिसकी अनुमानित क्षमता लगभग 27 लाख टन प्रति वर्ष (एमटीपीए) है।
- इस परियोजना में दो समर्पित कार्गो हैंडलिंग जेटियों का निर्माण शामिल है, एक कंटेनरीकृत (Containerised) कार्गो के लिए और एक शुष्क थोक कार्गो के लिए।
- बालागढ़ परियोजना का उद्देश्य शहरी क्षेत्रों के भीड़ भाड़ वाले मार्गों से भारी माल ढुलाई को हटाकर माल निकासी दक्षता में उल्लेखनीय सुधार करना है।
- इससे कोलकाता शहर में सड़क सुरक्षा बढ़ेगी, वाहनों की भीड़ और प्रदूषण कम होगा और निवासियों के जीवन स्तर में सुधार होगा।
- प्रधानमंत्री ने कोलकाता में अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक कैटामरान का भी शुभारंभ किया।
- यह कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड द्वारा अंतर्देशीय जल परिवहन के लिए स्वदेशी रूप से निर्मित 6 इलेक्ट्रिक कैटामरानों में से एक है।
- उन्नत इलेक्ट्रिक प्रणोदन प्रणालियों और लिथियम-टाइटेनेट बैटरी तकनीक से लैस 50 यात्रियों की क्षमता वाला यह हाइब्रिड इलेक्ट्रिक एल्युमिनियम कैटामरान – पूर्णतः इलेक्ट्रिक मोड में शून्य-उत्सर्जन के साथ-साथ लंबी दूरी के लिए हाइब्रिड मोड में भी चलने में सक्षम है।
- यह पोत हुगली नदी के किनारे शहरी नदी परिवहन, गतिशीलता पर्यावरण-पर्यटन और अंतिम-मील यात्री कनेक्टिविटी में सहयोग प्रदान करेगा।
- प्रधानमंत्री ने जयरामबती-बरोगोपीनाथपुर-मयनापुर नई रेल लाइन का भी उद्घाटन किया।
- यह लाइन तारकेश्वर-बिष्णुपुर नई रेल लाइन परियोजना का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।
- उन्होंने नई रेल लाइन के साथ-साथ मयनापुर – जयरामबती के बीच बरोगोपीनाथपुर में ठहराव वाली एक नई ट्रेन सेवा को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
- इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने तीन अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जिसमें कोलकाता (हावड़ा) – आनंद विहार टर्मिनल अमृत भारत एक्सप्रेस, कोलकाता (सियालदह) – बनारस अमृत भारत एक्सप्रेस; कोलकाता (संतरागाछी) – तांबरम अमृत भारत एक्सप्रेस शामिल है।
लेखक- विजय प्रताप सिंह
संबंधित लिंक भी देखें…