प्रधानमंत्री द्वारा मालदा में कई रेल और सड़क बुनियादी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास

प्रश्न – 17 जनवरी, 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पश्चिम बंगाल के मालदा में घोषित रेल एवं सड़क बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के संदर्भ में निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिए –

  1. हावड़ा–गुवाहाटी (कामाख्या) वंदे भारत स्लीपर ट्रेन भारत की पहली स्लीपर श्रेणी की वंदे भारत ट्रेन है, जो पूरी तरह वातानुकूलित है।
  2. इस वंदे भारत स्लीपर ट्रेन से हावड़ा–गुवाहाटी मार्ग पर यात्रा समय में लगभग 2.5 घंटे की कमी आएगी।
  3. प्रधानमंत्री ने न्यू कूचबिहार–बमनहाट और न्यू कूचबिहार–बॉक्सिरहाट रेल लाइनों के दोहरीकरण (Doubling) को राष्ट्र को समर्पित किया।
  4. चार नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का उद्देश्य किफायती, लंबी दूरी की अंतर-राज्यीय रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करना है।
    उपरोक्त कथनों में से कौन-सा/से कथन सही नहीं है/हैं?
    (a) केवल 3 (b) केवल 1 और 2
    (c) केवल 2 और 4 (d) 1, 3 और 4
    उत्तर – (a)
    व्याख्यात्मक उत्तर
  • 17 जनवरी, 2026 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के मालदा में 3,250 करोड़ रुपये की लागत वाली कई रेल और सड़क बुनियादी परियोजनाओं का उद्घाटन किया और नींव रखी।
  • इनका उद्देश्य पश्चिम बंगाल और उत्तर-पूर्वी क्षेत्र में संपर्क को मजबूत करना और विकास को गति देना है।
  • प्रधानमंत्री ने मालदा टाउन रेलवे स्टेशन का दौरा कर हावड़ा–गुवाहाटी (कामाख्या) के बीच भारत की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाई।
  • उन्होंने गुवाहाटी (कामाख्या)–हावड़ा वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को वर्चुअल माध्यम से भी रवाना किया।
  • आधुनिक भारत की बढ़ती परिवहन आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकसित यह पूरी तरह से वातानुकूलित ट्रेन यात्रियों को किफायती किराए पर हवाई यात्रा जैसा अनुभव प्रदान करेगी।
  • यह लंबी दूरी की यात्राओं को अधिक तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाएगी तथा हावड़ा–गुवाहाटी मार्ग पर यात्रा समय को लगभग 2.5 घंटे तक कम करेगी, जिससे धार्मिक पर्यटन और सामान्य पर्यटन दोनों को बढ़ावा मिलेगा।
  • इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल में चार प्रमुख रेलवे परियोजनाओं की नींव रखी, जिनमें बलुरघाट–हिली के बीच नई रेल लाइन, न्यू जलपाईगुड़ी में अगली पीढ़ी की माल ढुलाई रखरखाव सुविधा, सिलीगुड़ी लोको शेड का उन्नयन तथा जलपाईगुड़ी जिले में वंदे भारत ट्रेन रख-रखाव सुविधा का आधुनिकीकरण शामिल है।
  • प्रधानमंत्री ने न्यू कूचबिहार–बमनहाट और न्यू कूचबिहार–बॉक्सिरहाट रेल लाइनों के विद्युतीकरण को राष्ट्र को समर्पित किया, जिससे तेज, स्वच्छ और ऊर्जा-कुशल रेल संचालन को बढ़ावा मिलेगा।
  • इसके अतिरिक्त, प्रधानमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से चार नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों—न्यू जलपाईगुड़ी–नागरकोइल, न्यू जलपाईगुड़ी–तिरुचिरापल्ली, अलीपुरद्वार–एसएमवीटी बेंगलुरु तथा अलीपुरद्वार–मुंबई (पनवेल)—को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
  • ये ट्रेनें किफायती और विश्वसनीय लंबी दूरी की रेल सेवाएँ प्रदान करेंगी, जिससे आम नागरिकों, छात्रों, प्रवासी श्रमिकों और व्यापारियों की आवागमन संबंधी आवश्यकताओं की पूर्ति होगी तथा अंतर-राज्यीय आर्थिक और सामाजिक संबंध सुदृढ़ होंगे।
  • प्रधानमंत्री ने एलएचबी कोचों से सुसज्जित दो नई ट्रेन सेवाओं—राधिकापुर–एसएमवीटी बेंगलुरु एक्सप्रेस और बालुरघाट–एसएमवीटी बेंगलुरु एक्सप्रेस को भी हरी झंडी दिखाई।
  • इसके अलावा, प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय राजमार्ग-31डी के धूपगुड़ी–फलाकाटा खंड के पुनर्निर्माण एवं चार लेन निर्माण की आधारशिला रखी।
  • यह परियोजना उत्तरी बंगाल में सड़क संपर्क को सुदृढ़ करेगी तथा यात्रियों और माल की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करेगी।

लेखक- विजय प्रताप सिंह

संबंधित लिंक भी देखें…

https://www.pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=2215289&reg=3&lang=2

https://www.pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=2215697&reg=3&lang=2

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *