एनएसटीएल में ‘लार्ज कैविटेशन टनल’ की आधारशिला

प्रश्न – लार्ज कैविटेशन टनल (LCT) सुविधा के संबंध में निम्नलिखित में से कौन-सा तथ्य सही नहीं है?
(a) इसकी आधारशिला 3 अप्रैल, 2026 को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विशाखापत्तनम स्थित एनएसटीएल में रखी।
(b) यह सुविधा केवल सतही जहाजों के अनुसंधान के लिए फ्री-सर्फेस सिमुलेशन क्षमता प्रदान करेगी।
(c) यह परियोजना जल-गतिकी अनुसंधान में स्वदेशी क्षमताओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से परिकल्पित की गई है।
(d) यह सुविधा अगली पीढ़ी के युद्धपोतों, पनडुब्बियों और अंडरवॉटर प्लेटफॉर्म्स के डिजाइन एवं विकास में सहायक होगी।
उत्तर – (b)


व्याख्यात्मक उत्तर

  • 3 अप्रैल, 2026 को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम स्थित नौसेना विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रयोगशाला (एनएसटीएल) में अत्याधुनिक लार्ज कैविटेशन टनल (LCT) सुविधा की आधारशिला रखी।
  • रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) की प्रमुख प्रयोगशाला एनएसटीएल में स्थापित होने वाली यह सुविधा भारत की नौसैनिक अनुसंधान और परीक्षण क्षमताओं को उल्लेखनीय रूप से सुदृढ़ करेगी तथा तकनीकी आत्मनिर्भरता की दिशा में एक बड़ा कदम सिद्ध होगी।
  • लार्ज कैविटेशन टनल परियोजना को एक रणनीतिक राष्ट्रीय संपत्ति के रूप में परिकल्पित किया गया है।
  • इसका उद्देश्य जल-गतिकी (हाइड्रोडायनामिक) अनुसंधान में स्वदेशी क्षमताओं को सशक्त बनाना है, ताकि अगली पीढ़ी के युद्धपोतों, पनडुब्बियों और अंडरवॉटर प्लेटफॉर्म्स के डिजाइन एवं विकास में सहायता मिल सके।
  • सरकार द्वारा स्वीकृत यह परियोजना अंतरराष्ट्रीय तकनीकी सहयोग के साथ टर्नकी मोड में क्रियान्वित की जा रही है, जो वैश्विक विशेषज्ञता और स्वदेशी नवाचार का एक उत्कृष्ट समन्वय दर्शाती है।
  • यह सुविधा अपनी तरह की वैश्विक स्तर पर विशिष्ट अवसंरचना होगी, क्योंकि इसमें एक ही एकीकृत व्यवस्था के तहत पनडुब्बी अध्ययन के लिए आवश्यक क्लोज्ड-लूप सिमुलेशन तथा सतही जहाजों के अनुसंधान के लिए जरूरी फ्री-सर्फेस सिमुलेशन दोनों की क्षमता होगी।
  • संचालन में आने के बाद यह सुविधा देश के जहाज निर्माण पारितंत्र को मजबूत करेगी और विध्वंसक पोतों (डिस्ट्रॉयर) तथा विमानवाहक पोतों (एयरक्राफ्ट कैरियर) सहित प्रमुख नौसैनिक प्लेटफॉर्म्स के लिए हाइड्रोडायनामिक डिजाइनों और प्रणोदन प्रणालियों के सटीक परीक्षण एवं सत्यापन को संभव बनाएगी।

लेखक- विजय प्रताप सिंह

संबंधित लिंक भी देखें…

https://www.thehindu.com/news/cities/Visakhapatnam/rajnath-singh-lays-foundation-stone-of-a-large-cavitation-tunnel-at-nstl-visakhapatnam/article70822265.ece

https://www.newindianexpress.com/states/andhra-pradesh/2026/Apr/05/minister-rajnath-lays-stone-for-large-cavitation-tunnel-at-nstl-in-visakhapatnam