ऊर्जा प्रबंधन के लिए आईएसओ 50001:2018 प्रमाणन प्राप्त करने वाला भारत का पहला बंदरगाह

प्रश्न – अगस्त 2026 में ऊर्जा प्रबंधन प्रणाली के लिए आईएसओ 50001:2018 प्रमाणन प्राप्त करने वाले वी.ओ. चिदंबरनार पोर्ट अथॉरिटी के संबंध में निम्नलिखित में से कौन-सा कथन सही है?
(a) यह प्रमाणन प्राप्त करने वाला भारत का पहला बंदरगाह है और यह तमिलनाडु के थूथुकुडी में स्थित है।
(b) यह प्रमाणन प्राप्त करने वाला भारत का पहला निजी बंदरगाह है और यह केरल के कोच्चि में स्थित है।
(c) इसे अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन ने बंदरगाह सुरक्षा प्रबंधन के लिए यह प्रमाणन प्रदान किया है।
(d) यह प्रमाणन केवल बंदरगाह की नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन क्षमता का आकलन करता है।
उत्तर – (a)


व्याख्यात्मक उत्तर

  • अगस्त, 2026 में तमिलनाडु के तूतीकोरिन (थूथुकुडी) में स्थित वी.ओ. चिदंबरनार पोर्ट अथॉरिटी (वीओसी पोर्ट अथॉरिटी) ने ऊर्जा प्रबंधन प्रणाली के लिए आईएसओ 50001:2018 प्रमाणन प्राप्त किया है।
  • इसके साथ ही वह यह प्रमाणन प्राप्त करने वाला भारत का पहला बंदरगाह (पोर्ट) बन गया है।
  • यह प्रमाणन अंतरराष्ट्रीय प्रमाणन संस्था ब्यूरो वेरिटास (Bureau Veritas) द्वारा प्रदान किया गया।
  • आईएसओ 50001:2018,अंतरराष्ट्रीय मानकीकरण संगठन द्वारा निर्धारित ऊर्जा प्रबंधन प्रणाली का वैश्विक मानक है।
  • इसका उद्देश्य किसी संस्था के ऊर्जा-प्रदर्शन, ऊर्जा-दक्षता और ऊर्जा उपयोग में निरंतर सुधार करना है।
  • वीओसी पोर्ट में इसके अंतर्गत कार्गो-हैंडलिंग उपकरणों, प्रकाश व्यवस्था, भवनों, वातानुकूलन प्रणालियों, पंपों, कार्यशालाओं, कन्वेयर, समुद्री एवं टर्मिनल परिचालनों की ऊर्जा खपत की व्यवस्थित निगरानी की जाएगी।
  • वीओसी पोर्ट ने हरित ऊर्जा के क्षेत्र में 1.04 मेगावाट रूफटॉप सौर संयंत्र, 6 मेगावाट भूमि-आधारित सौर संयंत्र और 2 मेगावाट पवन ऊर्जा परियोजना स्थापित की है।
  • वित्त वर्ष 2025-26 में नवीकरणीय स्रोतों का हिस्सा पोर्ट की कुल बिजली खपत का 93.89 प्रतिशत रहा।
  • यह पोर्ट हरित हाइड्रोजन, हरित मेथनॉल बंकरिंग, विद्युत वाहनों, तट-से-जहाज विद्युत आपूर्ति और बैटरी ऊर्जा भंडारण को भी प्रोत्साहित कर रहा है।
  • यह उपलब्धि पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के हरित सागर–ग्रीन पोर्ट दिशा-निर्देश, 2023 तथा भारत के 2070 तक नेट-जीरो उत्सर्जन लक्ष्य के अनुरूप है।
  • इससे वीओसी पोर्ट ऊर्जा-कुशल एवं पर्यावरण-अनुकूल बंदरगाह संचालन का राष्ट्रीय उदाहरण बन गया है।

लेखक- विजय प्रताप सिंह

संबंधित लिंक भी देखें…

https://www.msn.com/en-in/urban-infrastructure/environmental-sustainability/energy-certification-achieved-by-voc-port/ar-AA29N2Vl